संस्कार कर लौट रहा परिवार हादसे का शिकार, हरिद्वार से लौटते समय नाहन में सड़क किनारे कार से टकराई गाड़ी, शख्स के सिर में लगी चोट

हिमाचल के सिरमौर जिले के नाहन शहर में हरिद्वार में अंतिम संस्कार करके लौट रहा परिवार हादसे का शिकार हो गया। यशवंत विहार नेशनल हाईवे-907ए पर बने मारुति सुजुकी शोरूम के पास कार सड़क किनारे खड़ी कार से टकरा गई। हादसे में एक शख्स के सिर में चोट लगी है। कार में कुल 5 लोग सवार थे।

मिली जानकारी के अनुसार, सोलन के कुनिहार निवासी विक्रम सिंह के घर में मौत हो गई थी। वे मृतक का अंतिम संस्कार हरिद्वार में करने के बाद वापस लौट रहे थे। शु्क्रवार शाम करीब 4 बजे यशवंत विहार से गुजर रहे थे तो अचानक सामने से ओवरटेक करके आ रही गाड़ी को बचाते हुए उनकी गाड़ी सड़क किनारे पार्क कार से टकरा गई।

विक्रम ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी नई कार काफी क्षतिग्रस्त हो गई। परिवार के एक सदस्य को सिर में चोट भी लगी है। गाड़ी नंबर HP11A-4372 में करीब 5 लोग सवार थे, जिसमें एक महिला व बच्चे भी थे। नाहन पुलिस थाना प्रभारी राजेश पाल ने बताया कि उन्हें यशवंत विहार में कार दुर्घटना की कोई जानकारी नहीं है। शायद उन लोगों का आपस में समझौता हो गया होगा।
Spread the News