सरकार और कंपनियों की सांठगांठ से बढ़ रहे हैं सीमेंट के दाम-कुलदीप राठौर


हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने प्रदेश में बढ़ते सीमेंट के दामों पर कहा है कि सांठगांठ के चलते सरकार जानबूझकर कर लोगों को महंगा सीमेंट खरीदने को मजबूर कर रही है। जयराम सरकार ने सीमेंट कंपनियों को प्रदेश में लोगों को लूटने की खुली छूट दे रखी है। पुलिस कर्मचारियों की मांगों पर अब तक कोई निर्णय न ले पाना सरकार का उनके प्रति संवेदनहीनता दिखाता है। प्रदेशाध्यक्ष ने मंगलवार को यहां कहा कि प्रदेश में पड़ोसी राज्यों की तुलना में सीमेंट 50 से 60 रुपये प्रति बैग लोगों से वसूले जा रहें है। हिमाचल की स्वच्छ आबोहवा की कीमत पर बनने वाला सीमेंट प्रदेश के लोगों को मंहगी दरों पर मिले यह प्रदेश के लोगों के साथ लूट है। प्रदेश में सीमेंट की दरें तुरंत कम कर प्रदेश के लोगों को राहत दी जाए। राठौर ने प्रदेश में बढ़ते कोरोना के मामलों पर भी अपनी चिंता प्रकट करते हुए प्रदेश भाजपा सरकार पर कोरोना नियमों को लेकर दोहरे मापदंड अपना रही है। भाजपा लोगों के बीच जाकर अपने सभी राजनीतिक कार्यक्रमों को कर रही है। दूसरों को सोशल डिस्टेसिंग और मास्क पहनने की सलाह तो दे रही है पर खुद धज्जियां उड़ा रही है। उन्हें लगता है कि सरकार के कोरोना नियम आम लोगों के लिए है और भाजपा को इससे पूरी छूट रखी गई है। कर्मचारियों की मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के ढुलमुल रवैया की आलोचना करते हुए कहा है कि सरकार का कर्मचारियों के प्रति दोहरा चरित्र है।
विद्यार्थियों के निष्कासन विवाद को सुलझाने के लिए कांग्रेस ने बनाई कमेटी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने विश्वविद्यालय से एनएसयूआई के तीन छात्र नेताओं के निष्कासन विवाद पर बातचीत और इसे रद्द करवाने के लिए चार सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। इस कमेटी में जिला शिमला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष यशवंत छाजटा, शिमला शहरी डीसीसी अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी और प्रदेश कांग्रेस सचिव सुशांत कपरेट को रखा है। इस कमेटी को विवि प्रशासन के साथ इन छात्र नेताओं के निष्कासन को रद्द करवाने के लिए वार्तालाप के लिए अधिकृत करते हुए इस विवाद को जल्द सुलझाने को कहा है। ब्यूरो
मार्च के बाद ब्लॉक कमेटी के चुनाव कराएगी कांग्रेस
प्रदेश कांग्रेस मार्च के बाद ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के चुनाव कराएगी। पार्टी का मार्च अंतिम सप्ताह तक प्रदेश भर में सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। जैसे ही यह अभियान खत्म होगा और इसके बाद संगठन की चुनाव प्रक्रिया आरंभ कर दी जाएगी। चुनावी वर्ष के कारण प्रदेश कांग्रेस समयबद्ध सदस्यता अभियान खत्म करने का लक्ष्य साधे है। अप्रैल में नगर निगम शिमला के चुनाव की गरमा गर्मी आरंभ हो जाएगी और जैसे ही निगम चुनाव खत्म होंगे, उसके बाद विधानसभा चुनाव की सरगर्मी तेज हो जाएगी। पहले चरण में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के चुनाव होंगे। इससे पहले सदस्यता अभियान मार्च में पूरा कर लिया जाएगा। ब्लाकों के चुनाव कराने के बाद जिला कांग्रेस कमेटी और फिर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के चुनाव कराए जाने हैं। पार्टी प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि सदस्यता अभियान मार्च में पूरा किया जाएगा। इसके बाद पहले चरण में ब्लॉक कमेटियों के चुनाव होंगे। ब्यूरो