दुल्हन की तरह सजा मां नैना देवी का दरबार, उमड़ा आस्था का सैलाब

बिलासपुर। चैत्र नवरात्रों के लिए मां नैना देवी का दरबार सज चुका है। यहां पिछले तीन दिनों से पंजाब के कारीगरों द्वारा मंदिर को भव्य रूप से सजाया जा रहा था। हर साल की तरह इस साल भी पंजाब की समाजसेवी संस्था ने मंदिर की भव्य सजावट की है। माता के दरबार को हर बार की तरह इस बार भी दुल्हन की तरह सजाया गया है। आज से शुरू हो रहे नवरात्री मेला 30 मार्च तक चलेगा। जिसमें पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली, यूपी और अन्य प्रदेशों के लाखों श्रृद्धालु माता के दर्शनों के लिए यहां पहुंच रहें हैं। सुबह से ही मंदिर में श्रृद्धालुओं के आने का तांता लगा हुआ है।

नवरात्रों को लेकर प्रशासन वन पुलिस द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। ताकि श्रृद्धालुओं को देवी मां के दर्शन करने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना ना करना पड़े। सुरक्षा के लिहाज से जगह-जगह पुलिस के जवान और होमगार्ड तैनात किए गए हैं।

बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं पर निगरानी रखना चुनौती…

पंजाब में अमृतपाल के फरार होने के बाद हिमाचल पुलिस को बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं पर निगरानी रखना चुनौती हो सकता है। यहां मेलों में पंजाब सहित देश भर के विभिन्न राज्यों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु जत्थों के रूप में आते हैं और भीड़ के दौरान पुलिस को हर व्यक्ति पर नजर रखना एक चुनौती का कार्य है।

पंजाब से फरार अमृतपाल की अभी तक पकड़े जाने की सूचना नहीं है, ऐसे में पुलिस को इस पहलू पर भी नजर रखनी होगी।

नैना देवी मंदिर के न्यास अधिकारी विपिन ठाकुर ने बताया कि मेले में श्रद्धालुओं की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त कर्मचारी तैनात किए गए हैं। मंदिर केवल रात 12 बजे से 2 बजे तक ही बंद रहेगा।

पुलिस प्रवक्ता एवं डीएसपी बिलासपुर राज कुमार ने बताया कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। 1200 पुलिस व होमगार्ड के जवान तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त मंदिर परिसर से लेकर टोबा तक 62 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

 

 

Spread the News