डे-बोर्डिंग स्कूल का रोना रो रही सुक्खू सरकार: जयराम ठाकुर

प्रश्नकाल के दौरान डे-बोर्डिंग स्कूल को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष में नोकझोंक हो रही है। सदन की कार्यवाही के दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार डे-बोर्डिंग का रोना रो रही है। कॉन्सेप्ट क्लियर नहीं है। सदन में ज्यादातर सवाल स्वास्थ्य विभाग, वन, आउटसोर्स कर्मचारी, स्कूल और सड़कों से जुड़े हुए गूंज रहे हैं।

भाजपा विधायक रणधीर शर्मा के सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारियों के मानदेय में 750 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। सरकार इनके लिए ESI की सुविधा भी प्रदान करने जा रही है।

एक सवाल के जवाब में लोक निर्माण विभाग के मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश में 310 सड़कें फॉरेस्ट-क्लीयरेंस के कारण लंबित हैं। इनके निपटारे के लिए सरकार ने प्राइवेट एजेंसी हायर की हैं।

संभव है कि प्रश्नकाल के बाद विपक्ष सदन में राहुल गांधी के मुद्दे पर चर्चा भी मांग सकता है। इससे पहले भी गुरुवार और शुक्रवार को विपक्ष इस मसले पर चर्चा मांग चुका है, लेकिन स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया ने इसकी इजाजत नहीं दी। ऐसे में विपक्ष इस मुद्दे पर सत्तारूढ़ कांग्रेस को घेरने की कोशिश करेगा।

सदन में आज से कट-मोशन (कटौती प्रस्ताव) पर चर्चा शुरू होगी और यह अगले तीन दिन तक चलेगी। सामान्य प्रशासन पर पहले कटौती प्रस्ताव पर 17 सदस्य बोलेंगे, जबकि दूसरा प्रस्ताव भू-राजस्व व जिला प्रशासन पर चर्चा होगी। इस पर पांच सदस्य अपनी बात सदन में रखेंगे। तीसरा कट मोशन पुलिस व संबंधित संगठन से जुड़ा है। इस पर 5 सदस्य सदन में बात रखेंगे।

Spread the News