हिमाचल: नकली होलोग्राम और मार्का स्टीकर शराब मामले का मुख्य आरोपी गौरव गिरफ्तार

नकली होलोग्राम व मार्का स्टीकर शराब मामले में मुख्य आरोपी गौरव मिन्हास को हिमाचल प्रदेश के  ऊना शहर से शुक्रवार शाम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अब इस मामले में कई बड़े खुलासे होंगे। ऊना पुलिस की टीमें गौरव को दबोचने के लिए पालमपुर, पठानकोट और जम्मू में डेरा डाले हुए थे। आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। इस मामले में पहले से गिरफ्तार दो आरोपियों ने शराब गौरव से लेने की बात कही थी।

इसके बाद से ही पुलिस की जांच आगे बढ़ी थी। मामला उजागर होने के साथ ही गौरव फरार हो गया था। गौर हो कि मंडी में जहरीली शराब मामले में भी मुख्य आरोपी गौरव मिन्हास जमानत पर चल रहा था। ऊना पुलिस उसकी जमानत रद्द करवाने के लिए हाईकोर्ट जा रही थी। चौतरफा बढ़ते दबाव के बीच गौरव ऊना में पुलिस के हत्थे चढ़ गया। इस मामले में यह तीसरी गिरफ्तारी है। हालांकि इस मामले में और गिरफ्तारियां होना तय हैं।

इस मामले में गौरव की पत्नी को पहले ही पुलिस जांच में शामिल कर चुकी है, जबकि स्प्रिट खेप को लेकर कुछ लोगों से पूछताछ की है। पुलिस ऊना शहर से स्प्रिट से भरे दस ड्रम बरामद कर चुकी है, जबकि कुल 420 पेटी नकली होलोग्राम व मार्का स्टीकर वाली शराब की पेटियां मिली हैं। इस तरह से यह पूरा मामला नकली शराब से जुड़ता जा रहा है। ऊना से गिरफ्तार किया गया मुख्य आरोपी गौरव मिन्हास कांगड़ा जिले के पंचरूखी का रहने वाला है। मंडी के जहरीली शराब मामले में उसे पंजाब के जिरकपुर से गिरफ्तार किया था। उस दौरान जहरीली शराब पीने से आठ लोगों की मौत हुई थी। गौरव शुरू से ही शराब का ठेकेदार रहा है।

मामले के मुख्य आरोपी गौरव मिन्हास को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के बाद उससे कई जानकारियां मिलेंगी। फिलहाल कुछ तथ्य जांच स्तर पर हैं। ऐसे में इन्हें साझा नहीं किया जा सकता है।

Spread the News