चिंतपूर्णी में चोरों ने तोड़े बंद घर के ताले, 45 हजार नगदी सहित लाखों के गहने चोरी

हिमाचल के ऊना चिले में चिंतपूर्णी क्षेत्र के भटेड पंचायत में तलवाड़ा रोड स्थित एक घर के ताले तोड़कर चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर में रखे सोने-चांदी के गहने और 45 हजार रुपए की नगदी लेकर फरार हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया। साथ ही पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

दो दिन पहले भी बदमाशों ने बुजुर्ग दंपती को बंधक बनाकर लूटपाट की थी। एक के बाद एक हो रही घटनाओं के बाद से क्षेत्र में भय का माहौल है।

भटेड पंचायत निवासी गगनदीप शर्मा ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह चंडीगढ़ में पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए परिवार के साथ गया था। इस दौरान घर को ताले लगाकर बंद किया था। मंगलवार सुबह को मित्र मनी ने फोन कर घर के ताले खुले होने की सूचना दी। जिसके बाद उसने अन्य लोगों के साथ घर के अंदर जाकर देखा तो मेन गेट का ताला टूटा था।

वहीं, घर के अंदर रखी अलमारी भी खुली थी। जिसके अंदर रखे सोने चांदी के गहने गायब थे। चंडीगढ़ से वापस आने पर गगनदीप शर्मा ने पुलिस को बताया कि चोर एक सोने का सेट, 2 अंगूठियां, 2 सोने की चेन, बच्चे के कंगन, पायल और 45,000 नगदी ले गए हैं। 2 दिन पहले भी तलवाड़ा रोड पर कांगड़ा के देहरा थाना के अधीन जौड़बड़ बाजार में कालू दी बड से दो-तीन किलोमीटर की दूरी पर बदमाशों ने बुजुर्ग दंपती को बंधक बनाकर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में अभी पुलिस के हाथ बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद एक और वारदात होने से क्षेत्र में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं।

जल्द पकड़े जाएंगे आरोपी : DSP

वहीं, DSP अंब वसुधा सूद ने बताया कि भटेड गांव में चोरी की सूचना मिली थी। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है। पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच में जुट गई है। जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।

Spread the News