सदन में गूंज सकता है अडाणी मामला, कुलदीप राठौर ने पूछा CA स्टोर का प्रश्न; कटौती प्रस्ताव पर चर्चा रहेगी जारी

हिमाचल विधानसभा बजट सेशन का आज 11वां दिन है। सदन की कार्यवाही प्रश्नकाल के साथ शुरू होगी। सदन में आज अडाणी का मुद्दा गूंज सकता है। ठियोग के विधायक कुलदीप राठौर ने अडाणी ग्रुप के शिमला जिले में CA स्टोर की जानकारी मांग रखी है। उन्होंने सरकार और अडाणी के बीच हुए MOU की प्रति सदन में मांगी है।
दरअसल, अडाणी ग्रुप पर प्रदेश के सेब बागवानों से धोखाधड़ी के आरोप लगते रहे हैं। अडाणी ने शिमला जिले के बिथल, रोहड़ू और सैंज में तीन CA स्टोर बना रखे हैं। इनमें बागवानों के पक्ष में व्यवस्था को लेकर सदन में चर्चा होगी। इसी तरह सदन में आज जल शक्ति विभाग, भवन निर्माण, पुरानी बसों इत्यादि से जुड़े सवाल सदन में गूंजेंगे।
प्रश्नकाल के बाद 2023-24 के लिए बजट अनुमानों की अनुदान मांगों को लेकर चर्चा होगी।
कटौती प्रस्ताव पर होगी चर्चा
प्रश्नकाल के बाद कट मोशन (कटौती प्रस्ताव) पर चर्चा होगी। यह देर शाम तक जारी रहेगी। कल 2023-24 का बजट विधानसभा में पास होगा।