प्रियंका गांधी ने पहली बार रिज मैदान पर आम लोगों के बीच की सैर, कॉफी हाउस भी पहुंचीं

कर्नाटक में कांग्रेस की जीत का कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ जश्न मनाने के बाद पहली बार कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आम जनता के बीच रिज और माल रोड पर सैर का आनंद लिया। शाम 5:42 बजे रिज मैदान पहुंची प्रियंका करीब एक घंटा यहां रहीं। उनसे मिलने के लिए शहर की आम जनता बेताब नजर आई। किसी ने उन्हें पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया, तो किसी ने उनके उनके साथ सेल्फी भी ली। माल रोड पर उनके घूमते समय लोगों की भीड़ लग गई थी।

प्रियंका के इस अंदाज ने लोगों का मन जीत लिया। प्रियंका ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष और मंडी सांसद प्रतिभा सिंह, स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनी राम शंडिल, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, पंचायतीराज मंत्री अनिरूद्ध सिंह, खेल व लोनिवि मंत्री विक्रमादित्य सिंह सहित अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ रिज मैदान तक अपने वाहन से पहुंच कर रिज पर शिमला की सुहानी शाम में चहलकदमी की। इस दौरान सुरक्षा कर्मियों, पुलिस जवानों को भीड़ रोकने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। प्रियंका ने रिज पर आइसक्रीम खाती बच्चियों के साथ भी बात की।

प्रियंका रिज से स्कैंडल प्वाइंट होते हुए इंडियन कॉफी हाउस पहुंचीं। यहां उन्होंने करीब 15 मिनट तक मुख्यमंत्री, कांग्रेस नेताओं के साथ कॉफी पी और बातचीत की। प्रियंका वाड्रा ने कॉफी पीने के बाद माल रोड की सैर की और रास्ते में अलग-अलग सुमदाय के लोगों, पर्यटकों का सेल्फी और फोटो लेने का क्रम बराबर जारी रहा। इस दौरान प्रियंका ने किसी को भी फोटो लेने से इंनकार नहीं किया। माल रोड पर प्रियंका ने एक पुरानी किताबों की सबसे पुरानी दुकान मारिया ब्रदर्ज में जा कर किताबें भी देखीं। इस दौरान भीड़ से एक महिला ने हम हो गए कामयाब आज… का नारा भी लगाया। प्रियंका वाड्रा लिफ्ट तक पैदल चलने के बाद वहां से अपने वाहन में बैठकर वापस लौटीं।

Spread the News