एअर इंडिया फ्लाइट के अंदर यात्री ने क्रू मेंबर से की हाथापाई, दिल्ली वापस करानी पड़ी लैंडिंग

दिल्ली से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट में हंगामे की खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक उड़ान के दौरान पैसेंजर की बदतमीजी के चलते एअर इंडिया की फ्लाइट को सोमवार सुबह एयरपोर्ट लौटना पड़ा। एयरलाइन के अधिकारी ने बताया कि दिल्ली से लंदन जा रही AI-111 फ्लाइट में एक पैसेंजर क्रू मेंबर्स से लड़ने लगा। उनके साथ मारपीट की। 2 क्रू मेंबर्स को चोटें आई हैं।

एयर इंडिया ने एक बयान जारी कर कहा, “10 अप्रैल, 2023 को दिल्ली-लंदन हीथ्रो के लिए जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-111 एक यात्री के गंभीर बेकाबू रवैये के चलते प्रस्थान के तुरंत बाद दिल्ली लौट आई। मौखिक और लिखित चेतावनी के बावजूद यात्री ने हंगामा जारी रखा, जिसमें केबिन क्रू के दो सदस्यों को शारीरिक चोट भी आईं। पायलट इन कमांड ने दिल्ली लौटने का फैसला किया और लैंडिंग के बाद यात्री को सुरक्षाकर्मियों को सौंप दिया गया।”

बयान में आगे कहा गया है कि ”पुलिस में प्राथमिकी भी दर्ज करायी गयी है। एयर इंडिया में सवार सभी लोगों की सुरक्षा, संरक्षा और गरिमा हमारे लिए महत्वपूर्ण है। हम प्रभावित चालक दल के सदस्यों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। हमें यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद है। उड़ान के समय में बदलाव कर आज दोपहर के लिए रीशेड्यूल किया गया है।”

Spread the News
Verified by MonsterInsights