CM सुक्खू की दो टूक, बोले- हिस्सेदारी नहीं बढ़ाई तो टेकओवर करेंगे सुन्नी-लूहरी परियोजनाएं

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कुल्लू जिले के नीरथ में लूहरी जल विद्युत परियोजना के प्रभावितों के साथ मुलाकात की और उनकी मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं एक आम परिवार से आते हैं, इसलिए आम आदमी के दुख दर्द से भली भांति से परिचित हैं। उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार ने जल विद्युत परियोजनाओं में हिमाचल प्रदेश के हितों को गिरवी रखा जिसके कारण हिमाचल प्रदेश को कोई लाभ नहीं मिल रहा है, जबकि बड़ी बड़ी कंपनियां हिमाचल प्रदेश के संसाधनों का उपयोग कर चांदी कूट रहीं हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एसजेवीएनएल कंपनी के साथ लूहरी और सुन्नी जल विद्युत परियोजनाओं में राज्य की हिस्सेदारी बढ़ाने का मामला उठाया गया है। इस संबंध में केन्द्रीय ऊर्जा मंत्री से भी बात की गई है और कानूनी लड़ाई भी लड़ी जा रही है। उन्होंने कहा कि वह हिमाचल प्रदेश की सम्पदा को लूटने नहीं देंगे और अगर कंपनी ने हिमाचल की हिस्सेदारी नहीं बढ़ाई तो सुन्नी और लूहरी जल विद्युत परियोजनाओं को टेकओवर किया जाएगा।

सीएम सुक्खू ने कहा कि जल विद्युत परियोजना के प्रभावितों के हितों को सुरक्षित रखा जाएगा और उनकी मांगों पर सरकार गंभीरता से विचार करेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार आम आदमी की सरकार है और पहले दिन से ही गरीब और गांव की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार के प्रयासों के चलते ही हिमाचल प्रदेश के राजस्व में 2200 करोड़ रुपए की वृद्धि हुई है।

Spread the News
Verified by MonsterInsights