किसान आंदोलन: चंडीगढ़-दिल्ली के बीच एचआरटीसी बसों के बदले रूट, सवारियां घटीं

किसान आंदोलन के चलते दिल्ली जाने वाली एचआरटीसी बसों के चंडीगढ़ और दिल्ली के बीच रूट बदल दिए गए हैं। मुख्य हाईवे पर किसानों के ट्रैक्टरों की लंबी कतारों के चलते वैकल्पिक रूटों से बसें चलाई जा रही हैं। हरियाणा पुलिस की एडवाइजरी पर एचआरटीसी बसों का संचालन कर रहा है। एचआरटीसी प्रबंधन ने समन्वय स्थापित करने का जिम्मा ट्रैफिक मैनेजर चंडीगढ़ को सौंपा है। सोमवार को जाम लगने के कारण दिन में दो बार रूट बदले गए। बसें किस रूट से संचालित होंगी इसे लेकर स्पृष्ट जानकारी न होने के कारण लोग सफर करने से बच रहे हैं, जिससे निगम की बसों में सवारियों की संख्या भी घटी है।

सोमवार सुबह दिल्ली के लिए बसें वाया पंचकूला, साहा, शाहबाद, करनाल होते रवाना की गई, लेकिन ट्रैफिक जाम लगने के बाद हरियाणा पुलिस ने बसों को साहा चौक यमुनानगर बाईपास रूट पर डायवर्ट कर दिया। मंगलवार को बसों का संचालन हरियाणा पुलिस की ओर से जानी होने वाली ताजा एडवाइजरी के अनुसार किया जाएगा। एचआरटीसी के महाप्रबंधक पंकज सिंघल ने बताया कि हम हरियाणा पुलिस के साथ लगातार संपर्क में है। एचआरटीसी के अलावा हरियाणा रोडवेज और पंजाब रोडवेज की बसें भी हरियाणा पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार ही चलाई जा रही हैं। हरियाणा पुलिस अगर बसों का संचालन रोकने की एडवाइजरी जारी करती है तो उसी स्थिति में बसों का संचालन रोका जाएगा।

Spread the News
Verified by MonsterInsights