हिमाचल के लड़के को अमेरिका से जॉब ऑफर:सिरमौर के विवेक को मिलेगी साढ़े 3 लाख रुपए प्रतिमाह सैलरी, कई कंपनियां साथ काम करने की इच्छुक

हिमाचल प्रदेश के एक इंजीनियर को अमेरिका की कंपनी ने जॉब ऑफर की है। ऑफर के मुताबिक, लड़के को साढ़े 3 लाख रुपए प्रतिमाह सैलरी मिलेगी। यही नहीं लड़के के साथ कई और कंपनियां भी काम करने की इच्छुक हैं, लेकिन उसने अभी अमेरिकन कंपनी का ऑफर स्वीकार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, सिरमौर जिले के दुर्गम क्षेत्र अंधेरी गांव के इंजीनियर विवेक कुमार को अमेरिका की कंपनी ने जॉब दी है। विवेक ने 2019 में टाटा हैरियर कार के लिए बंफर डिजाइन करने में अहम योगदान दिया था। विवेक कुमार ने अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी विशेष पहचान बना ली है।

विवेक कुमार पर कई कंपनियों की नजर
विवेक ने संयुक्त राष्ट्र अमेरिका की कार बनाने वाली ऑटोमोटिव कंपनियों का ध्यान भी अपनी ओर आकर्षित किया है। उन्हें अमेरिका के डेटरॉयट(मिशीगन) की वूल्वरिन डाई कास्ट और फारेनहाइट डिजाइन जैसी नामी कंपनियों से भी ऑफर मिला है। वूल्वरिन ने 4 हजार डॉलर यानी साढ़े 3 लाख रुपए प्रति माह के पैकेज पर विवेक के साथ सहयोग के लिए हामी भरी है।

संगड़ाह उपमंडल के अंधेरी गांव के 28 वर्षीय युवा इंजीनियर विवेक कुमार को ऑटोमोबाइल के डिजाइन बनाने में महारथ हासिल है। उन्होंने 10वीं तक की शिक्षा गांव के सरकारी स्कूल की। 12वीं कक्षा शिमला के लाल पानी से उत्तीर्ण करने के बाद सोलन के कुमारहट्टी के इंजीनियरिंग कॉलेज में डिप्लोमा हासिल किया। इसके बाद उन्होंने हैदराबाद से बीटेक किया।

27 अलग-अलग प्रोजेक्ट कर चुका विवेक
2019 में विवेक ने पुणे में टाटा हैरियर कार का मोल्ड (गाड़ी के बंफर) डिजाइन किया। कोरोना काल में घर पहुंचे तो एक ऐसे वायर लैस चार्जर वाले फोन कवर की खोज की, जिसमें थर्मामीटर सेंसर लगा था। यह कवर व्यक्ति के शरीर के तापमान को भी समझ सकता था। इसमें हाथ की सफाई के लिए उन्होंने अल्ट्रा वॉयलेट लाइट का भी इस्तेमाल किया।

चंडीगढ़ में रह रहे विवेक अब तक ऑनलाइन प्लेटफोर्म के माध्यम से 27 अलग-अलग प्रोजेक्टों को पूरा कर चुके हैं। फ्रीलांसर जैसी वर्ल्ड वाइड साइट पर उन्हें 4.7 स्टार रेटिंग मिली है। वहीं अब इस उपलब्धि से इलाके में विवेक की चर्चा हो रही है। उनके पिता कांशीराम लोक निर्माण विभाग संगड़ाह में वरिष्ठ ड्राफ्टमैन के पद पर तैनात हैं।

विवेक ने बताया कि उन्हें ऑफर मिला है। कई अन्य कंपनियों ने भी उनके साथ काम करने के लिए हामी भरी है। निकट भविष्य में वह इस कंपनी के लिए सेवाएं देंगे।

Spread the News
Verified by MonsterInsights