जयसिंहपुर के लोगों के हितों की रक्षा और विकास मेरी जिम्मेवारी : यादविंदर गोमा

जयसिंहपुर(अजीत वर्मा): यादविंदर गोमा के आयुष, युवा सेवायें एवं खेल मंत्री बनाये जाने पर यादविंदर गोमा का धार क्षेत्र के तिनबड़ में हिमाचल प्रदेश कोली समाज कांगड़ा इकाई ने चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मनित किया। इसके अतिरिक्त मझेड़ा जोन के कार्यकर्ताओं तथा लोगों ने भी मंत्री का ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया गया। गोमा ने कोली समाज, कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और इलाके के लोगों का भव्य सम्मान के लिये आभार प्रकट किया।

अनुसूचित जाति विकास कार्यक्रम के लिये 2399 करोड़ का प्रावधान

गोमा ने कहा कि धार क्षेत्र जयसिंहपुर विधान सभा क्षेत्र का प्रमुख स्थान हैं और धार क्षेत्र तथा जयसिंहपुर विधान सभा क्षेत्र के लोगों के हितों की रक्षा और इलाके का विकास उनकी जिम्मेवारी है। उन्होंने कहा कि धार क्षेत्र की पंचायतों में बड़ी संख्या में आबादी अनुसूचित जाति से सम्बंधित है। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार कमजोर वर्गों के कल्याण के लिये संवेदनशीलता से कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति विकास कार्यक्रम के अंतर्गत 2399 करोड़ का बजट में प्रावधान किया गया है और दूसरी तिमाही के अंत इस कार्यक्रम के तहत 827 करोड़ व्यय किये गये हैं।

गोमा ने कहा कि जयसिंहपुर विधान सभा क्षेत्र में धार क्षेत्र का प्रमुख स्थानों में है। उन्होंने कहा कि इस इलाके के महत्व की बरकरार रखने और यहां मूलभूत सुविधाओं का सृजन उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में है। उन्होंने धार क्षेत्र की सभी मांगों को इसी कार्यकाल में पूर्ण करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कैलाशपुर से लड़ गलू सड़क के उन्नयन पर 597 लाख, लड़ गलू से आशापुरी सड़क के विस्तार पर 759 लाख, नडली, घरचिंदी, मल्ली सड़क का निर्माण नाबार्ड के तहत 7 करोड़, भुआणा आशापुरी सड़क सुधारनपर 25 लाख, अम्ब नी मल्ली सड़क पर 50 लाख, चिलां दा खोली सड़क निर्माण 20 लाख, अम्बोटु सम्पर्क सड़क 15 लाख और खजुरनु वया जोगी बस्ती सड़क पर साढ़े 8 लाख व्यय किये जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन निर्माण 75 लाख व्यय किये जा रहे हैं। इसके अलावा कैलाशपुर चौक भुआणा में आशापुरी माता के नाम पर 10 लाख से द्वार का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा भी धार क्षेत्र में सम्पर्क सड़कों, रेन शेल्टरों के निर्माण पर भी 10 लाख से अधिक राशि व्यय की जा रही है। उन्होंने कहा कि बल्ह गांव को सड़क से जोड़ने के लिये 1 करोड़ 70 लाख रुपये व्यय किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के लिये बन रही पेयजल योजना को अगले माह लोगों को समर्पित कर पेयजल की उपलब्धता में सुधार किया जायेगा।

मझेड़ा स्कूल में आरंभ होगा विज्ञान संकाय

उन्होंने कहा कि धार क्षेत्र के लिये मुख्यमंत्री के समक्ष तकनीक संस्थान की मांग रखी जायेगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय पीएचसी में एक्स रे और ईसीजी सुविधा भी आरम्भ की जायेगी। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में बिजली के सुधार पर लगभग 40 लाख रुपये व्यय किये हैं और आने वाले समय धार क्षेत्र के लिये 33 केवीए सब स्टेशन कांगड़ी में स्थापित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि अगले सत्र से मझेड़ा स्कूल में साइंस कक्षाओं को आरम्भ करेंगे। उन्होंने कहा कि टम्बरु में जल शक्ति विभाग का रेस्ट हाउस निर्मित किया जायेगा। गोमा ने तिनबड़ चौक में सोलर हाई मास्ट लाइट लगाने की घोषणा की।

30-30 लाख से बनेगा पंचरुखी और सलियाणा में कलामंच

इससे पहले आयुष, युवा सेवायें एवं खेल मंत्री यादविंदर गोमा ने पंचरुखी में 30-30 लाख से निर्मित होने वाले पंचरुखी कला मंच और सलियाणा कला मंच के कार्य का भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि दोनों कला मंच दो माह में बनकर तैयार होंगे। इससे पहले मंत्री के पिता, पूर्व विधायक डॉ. मिलखी राम गोमा ने कहा कि राजगीर क्षेत्र के लोगों ने उन्हें भी बहुत प्यार और आशीर्वाद दिया। उन्होंने ने भी कई वर्षों तक इस क्षेत्र का नेतृत्व कर विकास को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि जयसिंहपुर के लिये यह अब सुनहरा अवसर है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और पार्टी शीर्ष नेतृत्व ने यादविंदर गोमा को मंत्रीमण्डल में स्थान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा मंत्री जयसिंहपुर विधान सभा में विकास को ओर तीव्र गति से आगे बढ़ाएंगे।

 

Spread the News
Verified by MonsterInsights