जयसिंहपुर हलके को खेलों के हब की देंगे पहचान: यादविंदर गोमा

अजीत वर्मा: जयसिंहपुर विधान सभा क्षेत्र में आधुनिक खेल सुविधाओं को सृजित कर हलके को खेलों के हब के रूप में पहचान दी जायेगी। आयुष, युवा सेवाएं और खेल, कानून एवं विधि परामर्शी मंत्री, यादविंदर गोमा ने उनके जन्मदिन पर जयसिंहपुर के ऐतिहासिक चौगान मैदान में भव्य कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए दी। उन्होंने कहा कि जयसिंहपुर के चौगान मैदान में खिलाड़ियों की सुविधा के लिये भव्य इंडोर स्टेडियम का निर्माण किया जायेगा, ताकि बच्चों को हर मौसम में बेहतर खेल सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि जयसिंहपुर चौगान मैदान के सौंदर्यीकरण के भी 30 लाख रुपये जारी किये गये हैं और मंच का निर्माण भी 25 लाख से किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि विधान सभा क्षेत्र के अन्य मैदानों का भी जीर्णोद्धार कर बेहतर खेल मैदानों का आकार दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि हलेड मैदान को सवारने के लिये भी 20 लाख रुपये जारी किये गये हैं और झूँगा देवी खड्ड के पास बने मैदान में सिंथेटिक ट्रैक स्थापित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि सलियाणा में भी इंडोर स्टेडियम बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि सलियाणा और पंचरुखी में 30-30 लाख से आकर्षक मंच बनाया जायेगा। यादविंदर गोमा ने ब्लॉक कांग्रेस और जयसिंहपुर के लोगों का जन्मदिन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के भव्य आयोजन के लिये आभार प्रकट किया।
उन्होंने कहा कि जयसिंहपुर के लोगों का आशीर्वाद तथा स्नेह उन पर हमेशा बना रहता है। उन्होंने कहा कि लोगों के विश्वास और प्यार को पार्टी शीर्ष नेतृत्व तथा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मोहर लगाते हुए हिमाचल प्रदेश के मंत्रिमंडल में शामिल कर तीन प्रमुख विभागों की जिम्मेवारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि अगले चार वर्षों में जयसिंहपुर हलके में मुख्यमंत्री के सहयोग से विकास में कोई कमी नहीं आने दी जायेगी। उन्होंने कहा कि पूरी क्षमता से लोगों की मांग के अनुरूप विकास को आगे बढ़ाया जायेगा। उन्होंने कहा कि जयसिंहपुर हलके के लिये आज तक जो भी मांग उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष रखी उसे पूर्ण किया गया है।

जयसिंहपुर मैदान में खेलों का आयोजन

आयुष मंत्री यादविंदर गोमा के जन्मदिन पर बधाई देने के लिये हजारों की संख्या में लोगों का दिनभर तांता लगा रहा। इस अवसर पर बास्केट बॉल, वॉलीबॉल, फुटबाल, महिलाओं के लिये रस्साकशी, रंगोली प्रतियोगिता के  साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। खेल प्रतियोगिताओं में जयसिंहपुर विधान सभा क्षेत्र के खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा आयुष विभाग द्वारा निशुल्क जांच शिविर का आयोजन किया गया। यहां लगाये गये रक्तदान शिविर में भी लोगों ने बढ़ चढ़कर रक्तदान किया।

मंत्री को चांदी का मुकुट पहनाया, सिक्कों से तोला

ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री को चांदी का मुकुट पहनाकर तथा  सिक्कों से तोल कर सम्मानित किया।मंत्री ने इस अवसर पर उनके  समर्थकों द्वारा लाये गये केक काटे। गोमा ने इस अवसर पर जयसिंहपुर विधान से जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर खेलों में प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया।

यह रहे उपस्थित

कार्यक्रम में मंत्री के पिता पूर्व विधायक मिलखी राम गोमा, मंत्री के धर्मपत्नी नीलम गोमा, भाई त्रिभुम गोमा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जसवंत डढवाल, एडीएम संजीव ठाकुर, अधिशाषी अभियंता विजय वर्मा, सरवन ठाकुर, तहसीलदार अभिषेक ठाकुर, ओशिन शर्मा, ओएसडी आयुष सुमित पठानिया, उपनिदेशक  डॉ रश्मी, ज़िला आयुर्वेद अधिकारी डॉ अमनदीप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Spread the News
Verified by MonsterInsights