पंजाब में खालिस्तान को हवा दे रहा ‘वारिस’, पुलिस ने छेड़ा मेगा मिशन

पंजाब में खालिस्तान को हवा दे रहा वारिस पंजाब दे प्रमुख अमृतपाल सिंह को पकड़ने के लिए पंजाब पुलिस ने मेगा अभियान छेड़ रखा है। इस बीच पंजाब पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पंजाब में इंटरनेट और एसएमएस सेवाओं पर रोक मंगलवार दोपहर तक बढ़ा दी है। पंजाब पुलिस के इस फैसले के खिलाफ हाई कोर्ट में एक वकील द्वारा याचिका भी दाखिल की गई है।

अमृतपाल पर पंजाब पुलिस और शिकंजा कसती जा रही है। अमृतपाल के खिलाफ 24 घंटे में तीन एफआईआर दर्ज की गई है। इनमें से आर्म्स एक्ट भी शामिल है। उस पर कुल 7 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। उम्मीद है कि अवैध हथियारों के मामले में एनआइ भी जांच के में शामिल हो सकती है।

पंजाब पुलिस के आईजी सुखचैन सिंह गिल ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि अमृतपाल के 114 समर्थकों को गिरफ्तार किया गया है। उनसे 10 हथियार भी बरामद हुए हैं। उन्होंने बताया कि अब तक सामने आए तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर उसके आईएसआई से जुड़े होने का संदेह है। इसी के साथ उसके विदेशी फंडिंग का भी बहुत गहरा संदेह है। आईजी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए पांच लोगों के खिलाफ एनएसए लगाया गया है।

पंजाब में इंटरनेट सेवा बंद करने के खिलाफ हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की गई है। वकील जगमोहन भट्टी द्वारा दाखिल इस याचिका पर जल्द ही सुनवाई हो सकती है। याचिका अभी रजिस्ट्री में फाइल होनी है, जिसके बाद ही सुनवाई के लिए विचार होना है।

खुफिया एजेंसी से मिली जानकारी के अनुसार अमृतपाल सिंह अपनी खुद की फौज तैयार कर चुका था और अब वो मानव बम बनाने की तैयारी में था। सुरक्षा एजेंसी के अनुसार नशामुक्ति केंद्रों और एक गुरुद्वारे में अमृतपाल युवाओं को आत्मघाती हमले के लिए ट्रेनिंग दे रहा था। वो इन युवाओं का ब्रेनवॉश करने का काम कर रहा था।

Spread the News
Verified by MonsterInsights