कांग्रेसी नेतृत्व नहीं पचा पा रहा राममंदिर की प्राण प्रतिष्ठा: राजेंद्र गर्ग

बिलासपुर: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ तीर्थ अभियान के आह्वान पर आज पूर्व खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र की कसारू पंचायत के गांव बधाघाट के बाबा बालक नाथ मंदिर में स्थानीय लोगों तथा भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ श्रमदान करते हुए परिसर की साफ़ सफ़ाई की।
राजेंद्र गर्ग ने कहा कि” आगामी 22 जनवरी को अयोध्या धाम में भव्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी कई पीढ़ियां राम मंदिर आंदोलन के साथ खप गईं। कई कार्यकर्ताओं ने अपना पूरा जीवन उसके लिए समर्पित कर दिया।

भाजपा के चुनावी मेनिफेस्टो में श्री राम मंदिर का नाम देखकर कांग्रेस और विपक्षी दल कहते थे कि भाजपा वाले मंदिर तो बनाएंगे लेकिन तारीख नहीं बताएंगे। आज जब मंदिर बन गया, तारीख तय हो गई, प्राण प्रतिष्ठा होने वाली है, तब यही विपक्षी दल भागने का काम कर रहे हैं। यह वही लोग हैं जिन्होंने श्री राम को काल्पनिक बताया था। यह वही लोग हैं जिन्होंने हमें अपने श्री राम लला को टेंट में रखने पर मजबूर किया था। इन्होंने फिर से बाबरी मस्जिद बनवाने का भरपूर प्रयास किया। इन्होंने राम मंदिर के निर्माण में बाधा डालने के लिए वकीलों की फौज खड़ी की। तो हम यह कैसे अपेक्षा कर सकते हैं कि कांग्रेस के लोग श्रीराम जी के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में अयोध्या आएंगे? उन्होंने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी ने पूरे देश को राममय किया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर यह सफाई अभियान पूरे देश भर में चलाया जा रहा है। घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में सफाई अभियान का आगाज बाबा बालक नाथ मंदिर बधाघाट से किया गया। यह अभियान पूरे विधानसभा क्षेत्र में चलाया जाएगा। जिसमें भाजपा कार्यकर्ता मंदिर परिसरों की साफ सफाई करेंगे। उन्होंने सभी भाजपा कार्यकर्ताओं से तीर्थों को स्वच्छ बनाये रखने के लिए श्रमदान करने का आह्वान किया।

Spread the News