मुख्यमंत्री सुक्खू का केंद्र पर निशाना: बोले- राहुल गांधी पर दोष लगाना राजनीति चाल; इस मामले में सदन में भी हंगामा

मानहानि केस में राहुल गांधी को 2 साल की सजा मामले पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राहुल गांधी और उनके परिवार पर उंगली उठाना राजनीतिक चाल है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि राहुल गांधी का परिवार ने देश की एकता व अखंडता के लिए कुर्बानियां दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरा सरकारी अमला राहुल गांधी को फंसाने में जुटा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एकमात्र ऐसे नेता हैं जिन्होंने लोकतंत्र को बचाने के लिए कन्याकुमारी से जम्मू-कश्मीर तक पदयात्रा की। उन्होंने देश की एकता व अखंडता के लिए पहले अपनी दादी को खोया फिर पिता को खोया।

नेताओं पर केस दर्ज होना आम बात हो गई: CM

CM सुक्खू ने कहा कि गांधी परिवार इस षड्यंत्र से घबराने वाला नहीं है। राहुल गांधी पर उंगली उठाने के लिए सरकार झूठ बोलकर सच साबित करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि राजनेताओं पर केस दर्ज होना अब आम बात हो गई है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कांग्रेस के नेता हैं और प्रदेश कांग्रेस उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। वह जो भी राजनीतिक लड़ाई लड़ेंगे, प्रदेश कांग्रेस उनके साथ हैं।

सदन में भी गूंजा राहुल गांधी मामला

सत्र के दौरान राहुल गांधी को सजा मामला BJP विधायक विपिन सिंह परमार ने सदन में भी उठाया। इस पर सदन में हंगामा भी हुआ। स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया ने राहुल गांधी से जुड़ा सारा रिकॉर्ड विधानसभा की कार्यवाही से हटा दिया है।

लंच ब्रेक के बाद स्पीकर ने रुलिंग देते हुए कहा कि कोई भी उस बात का जिक्र नहीं करेगा जब तक पेपर हाउस में टेबल नहीं हो जाता।

लोअर कोर्ट के फैसले को अपेक्स कोर्ट में देंगे चुनौती: प्रतिभा

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने राहुल गांधी पर मानहानि मामले में कोर्ट के फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। प्रतिभा सिंह ने कहा है कि राहुल गांधी सच की लड़ाई लड़ रहे हैं। जीत हमेशा सच की होती हैं। उन्होंने कहा है कि पूरी कांग्रेस राहुल गांधी के साथ खड़ी हैं। अन्याय के खिलाफ न्याय की लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा है कि इस फैसले के खिलाफ ऊपरी अदालत में गुहार लगाई जाएगी और राहुल गांधी निर्दोष साबित होंगे।

Spread the News