Himachal Vidhansabha: बच्चों ने बनाई सरकार, बाल सीएम जाह्नवी के मंत्रिमंडल में उप मुख्यमंत्री सहित 12 मंत्री

शिमला: बाल सत्र के लिए बच्चों ने सरकार का गठन कर लिया है। हिमाचल विधानसभा में सोमवार को 11 बजे बाल सत्र शुरू होगा। बाल मुख्यमंत्री जाह्नवी के मंत्रिमंडल में उप मुख्यमंत्री सहित 12 मंत्री होंगे। विधानसभा अध्यक्ष व उपाध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष व उप नेता प्रतिपक्ष का चयन भी किया गया। खास बात यह कि सीएम ने अपने पास वित्त और गृह विभाग भी नहीं रखा।

सभी मंत्रियों को विभाग बांट दिए हैं। एक मुख्य सचेतक, चार संसदीय सचिव व तीन राज्य मंत्री भी बनाए गए हैं।68 बाल विधायकों ने विशेष प्रक्रिया से सत्र के लिए सरकार का गठन किया। इससे पहले इस तरह का सत्र राजस्थान में हुआ था।

पठानिया ने समझाईं बारीकियां

हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने बाल सत्र अध्यक्ष को विधायी प्रक्रिया की बारीकियां समझाईं। साथ ही शिमला स्थित विधानसभा भवन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के बारे में भी विस्तारपूर्वक बताया।

राजस्थान के शिक्षा मंत्री भी शिमला पहुंचे

बाल सत्र के लिए राजस्थान के शिक्षा मंत्री डॉ बीडी कल्ला भी शिमला पहुंचे हैं। जहां उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और कैबिनेट की घोषणा की। उन्होंने सत्र के लिए बच्चों को शुभकामनाएं दी।

ऐसा है बाल सरकार का गणित

बाल सत्र में 39 विधायक सत्ता पक्ष, जबकि 29 विधायक विपक्ष की तरफ से होंगे। इसमें 40 लड़कियां और 28 लड़के हैं। हिमाचल के 43 विधानसभा क्षेत्रों के 63 बच्चे चुने गए। पांच अन्य राज्यों से चयनित हुए। उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, राजस्थान सहित केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर से एक-एक बच्चे का चयन हुआ है।

पंजाब, दिल्ली, असम और गुजरात के बच्चों ने भी रजिस्ट्रेशन करवाया था, लेकिन उनका चयन नहीं हुआ। बाल सत्र में शामिल होने वाले सभी 68 बच्चे डिजिटल माध्यम से चुने गए।

Spread the News