भाजपा के चुनावी शंखनाद से पहले सीएम सुक्खू ने हमीरपुर में टटोली कार्यकर्ताओं की नब्ज

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अपने गृह जिले हमीरपुर में भाजपा के चुनावी शंखनाद से पहले एक्टिव मोड में हो गए हैं। शुक्रवार को वह कार्यक्रमों से दूरी बनाकर कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलने में ही व्यस्त रहे। वन टू वन मुलाकात कर चुनावी रणनीति का खाका खींचने की कोशिश भी की। नादौन के सेरा विश्राम गृह में सीएम सुक्खू दिनभर कार्यकर्ताओं से मिलते रहे। लोकसभा चुनाव व विधानसभा उपचुनाव को लेकर सीएम फिर गृह क्षेत्र नादौन में विधायक के अंदाज में नजर आए। बताया जा रहा है कि अब दिल्ली दौरे के बाद सीएम पांच दिन तक हमीरपुर में ही मोर्चा संभालेंगे।

यहीं से चुनाव की बिसात बिछाने की कार्ययोजना कांग्रेस ने तय की है। ऐसे में प्रदेश की सत्ता के साथ ही कांग्रेस के लिए चुनावी रणनीति का केंद्र भी आगामी दिनों में हमीरपुर ही होगा। ऐतिहासिक गांधी चौक हमीरपुर में आठ अप्रैल को भाजपा की बड़ी रैली प्रस्तावित है। इस रैली में भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल व पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल व उपचुनाव के भाजपा प्रत्याशी कांग्रेस के बागी रैली में शामिल होंगे। भाजपा की इस रैली से तीन दिन पूर्व ही सीएम सुक्खू ने गृह विस क्षेत्र नादौन में कार्यकर्ताओं से शुक्रवार को फीडबैक लिया है।
सुक्खू कुटलैहड़ विस क्षेत्र में वीरवार दिन को रैली में शामिल होने के बाद देर शाम नादौन पहुंच गए थे। अपने पैतृक गांव भंवड़ा से कुछ ही दूरी पर स्थित सेरा विश्राम गृह में सीएम ने करीबी कांग्रेसी नेताओं के साथ चुनावी मंथन किया। विश्राम गृह के प्रांगण में कार्यकर्ताओं की खासी भीड़ थी, लेकिन सीएम एक कोने में दो कुर्सियां लगाकर कार्यकर्ताओं को अपने सामने बिठाकर चर्चा कर रहे थे। सीएम सुक्खू ने इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में कहा कि चुनावों से पहले कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेकर ही प्रत्याशी तय किए जाते हैं।
Spread the News