तेजी से बढ़ रही है गर्मी, IMD ने लू को लेकर जारी किया अलर्ट, जानें देशभर में आज कैसा रहेगा मौसम

देशभर में तेजी से गर्मी बढ़ रही है। मौसम विभाग ने हीटवेब को लेकर अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक, ओडिशा के कुछ हिस्सों के अलावा पश्चिम बंगाल में गंगा के आसपास के इलाके और झारखंड के कुछ हिस्सों में आज हीटवेव लोगों को परेशान कर सकता है। पूर्वी भारत में और गर्मी बढ़ने की संभावना है।

मौसम विभाग ने आज ओडिशा के अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई है। इसके अलावा पूर्वी मध्य प्रदेश में 7 से 10 अप्रैल तक, विदर्भ में 7 से 10 अप्रैल तक, छत्तीसगढ़ और मराठवाड़ा में 7 से 8 अप्रैल तक ओलावृष्टि संभावना है।

छत्तीसगढ़, झारखंड, गांगेय पश्चिम बंगाल, मध्य महाराष्ट्र, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों और पूर्वी उत्तर प्रदेश और दक्षिण पश्चिम मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भी गर्मी अपने तेवर दिखाने लगी हैं। इन जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-4 डिग्री सेल्सियस ऊपर है। बिहार, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग जगहों पर भी यही हालात हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी कर्नाटक, तेलंगाना, पूर्वी मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और ओडिशा के अलग-अलग हिस्सों में रात को पारा और बढ़ सकता है। 6 से 10 अप्रैल तक केरल, माहे, सौराष्ट्र और कच्छ के तटीय क्षेत्रों में भी गर्मी बढ़ सकती है। ओडिशा, पश्चिम बंगाल, तटीय कर्नाटक, कोंकण और गोवा में 7 से 10 अप्रैल के दौरान पारा बढ़ने का अनुमान है।

Spread the News