हिमाचल विधानसभा बजट सत्र: विधायक जनक राज ने डेवलपमेंट का मुद्दा उठाया

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा बजट सत्र के 5वें दिन भाजपा विधायक जनक राज ने प्रश्नकाल से पहले ही पॉइंट ऑफ ऑर्डर के तहत अपने क्षेत्र में रुके विकास कार्य का मुद्दा उठाया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि यह विधायक का अधिकार है कि वह अपने क्षेत्र की समस्याओं को पॉइंट ऑफ ऑर्डर में उठा सकता है।

इस पर स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया ने विधायक के पॉइंट ऑफ ऑर्डर पर बाद में चर्चा करने की व्यवस्था दी। अब प्रश्नकाल चल रहा है। सदन में विधायकों द्वारा आज ज्यादातर सवाल कृषि और पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास विभाग से जुड़े पूछे गए हैं। संबंधित मंत्री इनका जवाब दे रहे हैं।

प्रश्नकाल के बाद सदन के पटल पर कई अध्यादेश टेबल किए जाएंगे। इन्हें प्रस्तुत करने के बाद 2023-24 के बजट को लेकर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने 17 मार्च को ही बजट प्रस्तुत किया है। आज से अगले 23 मार्च तक बजट की अनुदान मांगों को लेकर सदन में चर्चा की जाएगी।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने अगले फाइनेंशियल ईयर के लिए 53,413 करोड़ रुपए का बजट प्रस्तुत किया है। संभव है कि बजट अनुदानों पर चर्चा के दौरान इस बजट में कुछ बढ़ोतरी हो सकती है, क्योंकि मौजूदा वित्त वर्ष के 31 मार्च तक अनुपूरक बजट को मिलाकर लगभग 65 हजार करोड़ खर्च हो जाएगा। माना जा रहा है कि बजट पर चर्चा के दौरान कैपिटल एक्सपेंडीचर पर बजट में इजाफा हो जाए।

 

Spread the News