Himachal Tourism: बर्फबारी के बाद कमरों की एडवांस बुकिंग में उछाल, सैलानियों की पहली पसंद बने ये शहर

ताजा बर्फबारी के बाद हिमाचल में सैलानियों की संख्या में इजाफा होना शुरू हो गया है। इस वीकेंड के लिए होटलों के कमरों की एडवांस बुकिंग तेज हो गई है। शिमला, कुफरी, नारकंडा, कुल्लू-मनाली, कसौली, चायल, चंबा और खजियार सैलानियों के लिए पहली पसंद बने हुए हैं। जनवरी में बर्फबारी न होने से हिमाचल में पर्यटन कारोबार धीमा पड़ गया था। शिमला में सीजन के पहले हिमपात के बाद सैलानियों की संख्या में भारी बढ़ोतरी की उम्मीद है।

बर्फबारी के बाद हिमाचल में पर्यटन कारोबार के रफ्तार पकड़ने की उम्मीद है। वीकेंड के लिए जहां होटलों के कमरे एडवांस बुक हाेने शुरू हो गए हैं, वहीं पर्यटन स्थलों पर घूमने के लिए सैलानी ट्रैवल पैकेज बुक कर रहे हैं। लंबे अंतराल के बाद टैक्सी कारोबारियों के काम में भी तेजी आनी शुरू हो गई है। पर्यटन व्यवसाय से जुड़े गाइड, फोटोग्राफर, घोड़ा संचालक सभी उत्साहित हैं। कालका से शिमला आने वाली ट्रेनों में सैलानियों की संख्या बढ़ गई है। दिल्ली, चंडीगढ़ और कालका से शिमला आने वाली लग्जरी बसें भी पैक चल रही हैं।

ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन के महासचिव मनु सूद ने बताया कि बर्फबारी के बाद शिमला, नारकंडा, किन्नौर, मनाली, कसौली, चंबा और खजियार के लिए अधिक संख्या में बुकिंग आ रही है। टूरिस्ट बर्फ गिरने का इंतजार कर रहे थे। फरवरी के पूरे महीने में प्रदेश के पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार रहेंगे। ऑल हिमाचल कॉमर्शियल व्हीकल ज्वाइंट एक्शन कमेटी के चेयरमैन राजेंद्र ठाकुर ने बताया कि बर्फबारी होते ही साइट सीन के लिए टैक्सियों की बुकिंग बढ़नी शुरू हो गई है। पिक और ड्रॉप के लिए भी बड़ी संख्या में गाड़ियों की मांग आ रही है। विंटर टूरिस्ट सीजन के दौरान पहली बार टैक्सी कारोबार ने रफ्तार पकड़ी है।

पर्यटन उद्योग के लिए संजीवनी बनी बर्फबारी

पर्यटन उद्योग के लिए बर्फबारी संजीवनी साबित हुई है। बर्फ गिरने के बाद एकाएक पर्यटन स्थलों पर कमरों की एडवांस बुकिंग तेज हो गई है। इस वीकेंड के अलावा अगले हफ्ते के लिए भी बुकिंग हो रही है। बर्फबारी के पूर्वानुमान के चलते सैलानी बुकिंग करवा रहे हैं। – गजेंद्र चंद ठाकुर, अध्यक्ष, फेडरेशन ऑफ ऑल हिमाचल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन

बर्फबारी के बाद बढ़ी सैलानियों की आवाजाही

राजधानी में बर्फबारी के बाद वीकेंड के लिए सैलानियों की आवाजाही बढ़ना शुरू हो गई है। वीकेंड के लिए होटलों में 40 फीसदी कमरे एडवांस में बुक हो चुके हैं। शनिवार तक 60 फीसदी तक कमरे बुक होने की उम्मीद है। रिज मैदान पर शुक्रवार को बर्फ देखने के लिए भारी संख्या में सैलानी पहुंचे। सैलानियों ने बर्फ के बीच खूब मस्ती की। पर्यटन स्थल कुफरी और नारकंडा में भी सैलानी बर्फबारी के दीदार के लिए पहुंचे। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि राजधानी में वीकेंड पर बर्फबारी का पूर्वानुमान है। इसके बाद होटलों में बुकिंग बढ़ गई है।

बर्फ पर फिसलने से तीन लोग चोटिल

दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में शुक्रवार को बर्फ पर फिसलकर चोटिल होने के बाद कई मरीज उपचार करवाने आए। अधिकांश मरीजों की बाजुओं में फ्रेक्चर हुआ है। डॉक्टरों ने मरीजों को प्राथमिक उपचार और प्लास्टर लगाने के बाद घर भेज दिया है। अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लोकेंद्र शर्मा ने बताया कि शाम तक तीन लोग बर्फ पर फिसलकर उपचार के लिए आए थे। इसमें एक छात्र है। आईजीएमसी के वरिष्ठ चिकित्सक अधीक्षक डॉ. राहुल राव ने बताया कि बर्फबारी की वजह से शहर में जगह-जगह फिसलन है। घरों से तभी बाहर निकलें अगर कोई जरूरी काम हो।
Spread the News