रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े दो कर्मचारी, सिविल सप्लाई गोदाम के इंजार्च-हेल्पर को पांच हजार मांगना पड़ा महंगा

हमीरपुर (राजेश खन्ना): विजिलेंस एंड एंटी क्रप्शन ब्यूरो हमीरपुर की टीम ने सिविल सप्लाई गोदाम के इंचार्ज और हेेल्पर को पांच हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि गोदाम का इंचार्ज एक ठेकेदार से सबसिडी पर मिलने वाले सीमेंट की सप्लाई रिलीज करने की एवज में पांच हजार रुपए की मांग कर रहा था। ठेकेदार ने इस मामले की शिकायत विजिलेंस से की थी। विजिलेंस की टीम ने शुक्रवार को जाल बिछाया था जिसमें ये दोनों आरोपी ट्रैप हो गए। आरोपियों की पहचान जेओए आईटी नीलकमल निवासी मंडी और हेल्पर देवेश व शीश हमीरपुर के रूप में हुई है। हमीरपुर के एक ठेकेदार ने सरकारी काम के लिए सिविल सप्लाई डिपो पक्का भरो से 60 बोरी सीमेंट की डिमांड थी। बताते हैं कि ठेकेदार ने इन बोरियों की पेमेंट भी कर दी थी लेकिन उसके बावजूद उसे सप्लाई नहीं दी जा रही थी, क्योंकि वहां उससे इसके एवज में पांच हजार रुपए रिश्वत की मांग की जा रही थी। ठेकेदार ने इसकी शिकायत विजिलेंस से की थी, क्योंकि उसका काम प्रभावित हो रहा था। शुक्रवार को विजिलेंस की टीम ने जाल बिछाया हुआ था।

इसके तहत ठेकेदार ने गोदाम के इंजार्च को पैसे लेने के लिए एकांत में बुलाया था लेकिन इंचार्ज खुद न आकर उसने अपने हेल्पर को पैसे लेने के लिए भेजा था। जैसे ही हेल्पर ने पांच हजार रुपए हाथ में पकड़े तो घात लगाकर बैठी विजिलेंस की टीम ने उसे पैसे लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। एएसपी विजिलेंस रेणु शर्मा ने बताया कि विजिलेंस के पास ठेकेदार ने शिकायत की थी सिविल सप्लाई के गोदाम से सब्सिडाइज्ड सीमेंट के लिए उससे पैसों की डिमांड की जा रही थी। हमारी टीम ने आरोपी को रंगे हाथ पकडऩे के लिए जाल बिछाया था, जिसमें वह फंस गया। दो आरोपियों को इस मामले में अरेस्ट किया है।

Spread the News