Himachal Weather: हिमाचल के कई भागों में दो दिन बारिश-बर्फबारी के आसार, मैदानी जिलों में कोहरे का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश के कई भागों में दो दिन बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के 8 जनवरी की रात से सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से राज्य के कई भागों में 9 और 10 जनवरी को बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। 11 जनवरी से मौसम साफ रहने के आसार हैं।  उधर, मैदानी क्षेत्रों में 8 जनवरी तक घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट है। विभाग के अनुसार अगले दो दिनों के दौरान मंडी, बिलासपुर, ऊना, कांगड़ा, सिरमौर (पांवटा साहिब और धौलाकुआं) और सोलन (बद्दी और नालागढ़) में सुबह के समय अलग-अलग हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। सुबह के समय वाहन सावधानी से चलाने की सलाह दी गई है।  वहीं, शनिवार को राजधानी शिमला सहित अन्य भागों में मौसम साफ बना रहा। हालांकि, मैदानी क्षेत्रों में कोहरा पड़ने का सिलसिला लगातार जारी है। शनिवार सुबह ऊना, मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, सोलन व सिरमौर के मैदानी क्षेत्रों में कोहरा छाया रहा।

ऊना जिले में कोहरे ने बढ़ाई परेशानी

ऊना जिले में सुबह के समय घनी धुंध पड़ने का सिलसिला लगातार जारी है। सर्द हवाओं के बीच जहां लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो चुका है, वहीं वाहन चालकों के लिए सड़कों से गुजरना भी किसी चुनौती से कम नहीं। हालांकि, दोपहर के समय धूप खिलने से लोगों को राहत तो मिली। सुबह और शाम के समय शीतलहर से हर कोई परेशान है। कोहरे के चलते स्कूली विद्यार्थियों के लिए भी सुबह के समय स्कूल पहुंचना बेहद मुश्किल हो रहा है। बच्चे सुबह 8:00 बजे के आसपास स्कूल के लिए निकलते हैं। इस दौरान घना कोहरे के साथ तेज हवाएं बच्चों को चपेट में ले रही है।  अभिभावकों ने भी मांग कि हैं क सर्दी में स्कूलों में छुट्टियां घोषित की जाए। अभिभावक अलका देवी, मनु रानी, मंजू बाला, विनोद कुमार, राजेश कुमार, रक्षपाल, जितेंद्र ने कहा कि सर्दी इतनी अधिक है कि बच्चों को सुबह के समय स्कूल भेजने का बिल्कुल मन नहीं करता।  वहीं, किसानों के लिए भी शुष्क सर्दी का मौसम परेशानी का सबब बन चुका है। खासकर गेहूं की फसल पर इस समय संकट छाया हुआ है।  मौसम विशेषज्ञ विनोद शर्मा ने बताया कि सुबह और शाम के समय सर्दी का आलम जनवरी माह में यूं ही बरकरार रहेगा। कहा कि अगले सप्ताह में बारिश हो सकती है। इसके बाद सूखी सर्दी का प्रकोप कम होने की संभावना है।

अधिकतम तापमान

चंबा में अधिकतम तापमान 19.6, धर्मशाला 19.0, सेऊबाग 17.7, भुंतर 20.7, मंडी 19.0, समदो 8.9, सुंदरनगर 20.6, कल्पा 10.2, नारकंडा 9.1, रिकांगपिओ 14.1, शिमला 14.4, कुफरी 9.0, जुब्बड़हट्टी 16.4, नाहन 19.0 और धौलाकुआं में 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 

प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान

क्षेत्र न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
शिमला 3.8
सुंदरनगर 0.2
भुंतर -0.2
कल्पा -2.6
धर्मशाला 5.2
ऊना 2.0
नाहन 9.3
पालमपुर 2.5
सोलन 1.0
कांगड़ा 3.5
मंडी 0.5
चंबा 2.4
डलहौजी 5.5
कुफरी 3.2
नारकंडा 1.4
भरमौर 2.7
रिकांगपिओ -0.2
पांवटा साहिब 9.0

Spread the News