हिमाचल में सरसों तेल 110 रुपए लीटर मिलेगा:डिपुओं पर 37 रुपए सस्ता हुआ; खाद्य आपूर्ति निगम ने कंपनी को दिया ऑर्डर

हिमाचल प्रदेश में अगले महीने से उपभोक्ताओं को डिपुओं में सस्ता खाद्य तेल उपलब्ध होगा। इस महीने तक डिपुओं में 147 रुपए प्रति लीटर के हिसाब से सरसों तेल मिल रहा है, लेकिन जुलाई में 110 रुपए लीटर के हिसाब से तेल मिलेगा।

खाद्य आपर्ति निगम ने सस्ता तेल मुहैया कराने के लिए तेल कंपनी को सप्लाई ऑर्डर दे दिया है। सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के 19,74,790 राशन कार्ड धारकों को फायदा होगा। ऐसा पहली बार होगा जब गरीबी रेखा से नीचे (BPL) और गरीबी रेखा से ऊपर (APL) उपभोक्ताओं को डिपुओं में एक ही दाम यानी 110 रुपए प्रति लीटर के हिसाब से सरसों तेल मिलेगा।

टैक्स पेयर को 115 रुपए लीटर मिलेगा
टैक्स पेयर राशन कार्ड धारकों को डिपुओं में 115 रुपए प्रति लीटर की दर से तेल मिलेगा। पूर्व में खाद्य तेल पर सब्सिडी लगभग खत्म कर दी गई थी। इससे ओपन मार्केट और डिपुओं के तेल की कीमतों में ज्यादा अंतर नहीं रह गया था। ऐसे में सुक्खू सरकार का तेल की कीमतें कम करने का फैसला सराहनीय है।

गौरतलब है कि बीते सप्ताह मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने रोहड़ू के चिड़गांव दौरे के दौरान सरसों तेल की कीमत 37 रुपए कम करने की घोषणा की थी।

Spread the News