हिमाचल विधानसभा में राहुल गांधी पर हंगामा: 15 मिनट के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित; मामले में चर्चा की मांग पर अड़ा विपक्ष

कांग्रेस नेता राहुल गांधी मामले में शुक्रवार को हिमाचल विधानसभा में जोरदार हंगामा हुआ। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने इस में पॉइंट ऑफ ऑर्डर के तहत चर्चा की मांग की, लेकिन स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया ने इसकी इजाजत नहीं दी। इसके बाद सदन में सत्तापक्ष और विपक्ष की ओर से दोनों दलों के नेताओं के मुर्दाबाद के नारे लगे। सदन में शोर-गुल को देखते हुए स्पीकर ने 15 मिनट के लिए विधानसभा की कार्यवाही को स्थगित किया।

इससे पहले कांग्रेस विधायकों ने मुख्यमंत्री सुक्खू की अध्यक्षता में विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया और मोदी सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई। कांग्रेस विधायकों ने राहुल गांधी को साजिश के तहत फंसाने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से घबराकर पूरी BJP उन्हें बदनाम करने में जुटी हुई है।

उन्होंने कहा कि गांधी परिवार पर अंगुली उठाना राजनीतिक चाल है। गांधी परिवार ने देश की एकता और अखंडता के लिए कुर्बानियां दी हैं। पूरे देशभर की जनता राहुल गांधी के साथ है, कांग्रेसी डरने वाले नहीं हैं।

नेताओं पर केस दर्ज होना आम बात हो गई: CM

CM सुक्खू ने कहा कि गांधी परिवार इस साजिश से घबराने वाला नहीं है। राहुल गांधी पर उंगली उठाने के लिए सरकार झूठ बोलकर सच साबित करने की कोशिश कर रही है। राजनेताओं पर केस दर्ज होना अब आम बात हो गई है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी कुछ स्थानों पर कांग्रेस ने प्रदर्शन किए। कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी को लेकर आए कोर्ट के फैसले को राजनीति से प्रेरित बता रही है। पार्टी के महासचिव अमित पाल ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस पार्टी पूरी तरह राहुल और गांधी परिवार के साथ खड़ी है।

हिमाचल कांग्रेस राहुल के साथ खड़ी: प्रतिभा

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने भी मानहानि केस में कोर्ट के फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सच की लड़ाई लड़ रहे हैं। जीत हमेशा सच की होती है। पूरी कांग्रेस राहुल गांधी के साथ खड़ी है।

Spread the News