HP LS Election Dates : आज होगा लोकसभा चुनाव की तारीखों का एलान, लागू होगी आदर्श आचार संहिता

 चुनाव आयोग 18वीं लोकसभा के लिए आज दोपहर 3:00 बजे चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करेगा। इसके साथ ही देशभर में आदर्श आचार संहिता भी लागू हो जाएगी। संभावना है कि 543 सीटों के लिए सात या आठ चरणों में मतदान कराया जाएगा। आयोग कुछ राज्यों में विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की भी घोषणा कर सकता है। हिमाचल प्रदेश की कुल चार लोकसभा सीटों के लिए चुनाव होगा। विभिन्न राजनीतिक दलों ने चुनाव में जीत के लिए अपनी कमर कस ली है।
मौजूदा 17वीं लोकसभा का कार्यकाल 16 जून को खत्म हो रहा है। इससे पहले, नई लोकसभा का गठन करना अनिवार्य है। ओडिशा, सिक्किम, आंध्र प्रदेश और अरुणाचल प्रदेश की विधानसभाओं का कार्यकाल भी जून में खत्म हो रहा है। इन राज्यों में चुनाव तारीखों की भी घोषणा होगी। अधिकारियों के अनुसार, बोर्ड परीक्षा, त्योहार व सुरक्षाकर्मियों की उपलब्धता को देखते हुए तारीखें तय की जाएंगी। पिछले चुनाव में भाजपा ने 303 और कांग्रेस ने 52 सीटें जीती थीं।
मंडी संसदीय क्षेत्र में आते हैं छह जिलों के 17 विस क्षेत्र
प्रदेश में वर्तमान में लोकसभा की चार सीटें हैं। इनमें से तीन भाजपा और एक सीट पर कांग्रेस काबिज है। प्रदेश के छह जिलों मंडी, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, किन्नौर, शिमला और चंबा के 17 विधानसभा क्षेत्र मंडी संसदीय सीट के तहत आते हैं। इसमें धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र को छोड़कर मंडी जिले के शेष नौ विधानसभा क्षेत्र, कुल्लू के सभी चार विस क्षेत्र, किन्नौर, लाहौल-स्पीति सहित शिमला जिला का रामपुर और चंबा का भरमौर विधानसभा क्षेत्र शामिल है। वर्तमान में इन 17 विधानसभा क्षेत्रों में से 12 में भाजपा के और चार में कांग्रेस के विधायक हैं। लाहौल-स्पीति के विधायक रवि ठाकुर को अयोग्य घोषित किया गया है। रवि ठाकुर ने अयोग्य घोषित करने के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी हुई है। क्षेत्रफल के हिसाब से प्रदेश की सबसे बड़ी इस सीट से जयराम ठाकुर, वीरभद्र सिंह, पंडित सुखराम, प्रतिभा सिंह, महेश्वर   सिंह और कौल सिंह ठाकुर को हार का मुंह भी   देखना पड़ा है। वर्ष 2019 के आम चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप ने यहां से सबसे अधिक अंतर से कांग्रेस प्रत्याशी आश्रय शर्मा को हराया था। इसके बाद रामस्वरूप के देहांत के बाद 2021  में  उपचुनाव हुआ, जिसमें कांग्रेस की प्रतिभा सिंह सांसद चुनी गईं।
मतदाताओं के लिए 24 घंटे चलेगा 1950 टोल फ्री नंबर
मतदाताओं की समस्याओं के समाधान के लिए राज्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में टोल फ्री वोटर हेल्पलाइन नंबर 1950 की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस नंबर पर मतदाता शिकायत भी कर सकते हैं।  चुनावों की घोषणा होने के साथ ही यह नंबर 24 घंटे सातों दिन काम करेगा। 1950 के आगे एसटीडी कोड लगाकर लोग अपनी समस्याओं की जानकारी दे सकेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने बताया कि निर्वाचक नामावली में नाम सम्मिलित कराने, नाम हटाने, संशोधन कराने, रंगीन मतदाता फोटो पहचान पत्र और निर्वाचन से संबंधित जानकारी के लिए इस हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। हेल्पलाइन नंबर पर मिलने वाली सभी समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाएगा।
भाजपा प्रत्याशी घोषित करने में आगे
लोकसभा चुनाव के लिए प्रदेश में अभी तक भाजपा प्रत्याशी घोषित करने में आगे रही है। भाजपा ने दो सीटों हमीरपुर से मौजूदा सांसद अनुराग ठाकुर व शिमला से सुरेश कश्यप को टिकट दिया है। दो सीटों पर अभी प्रत्याशी घोषित नहीं किए गए हैं। वहीं, कांग्रेस ने अभी किसी भी सीट पर प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं। हालांकि, मंडी सीट से प्रतिभा को टिकट मिलना तय मना जा रहा है।
1962 में पहली बार चार सीटों की संख्या थी ती, चार सांसद चुने गए
हिमाचल में 1957 में हुए आम चुनाव में प्रदेश में सीटों की संख्या तीन और सांसदों की संख्या चार थी। लेकिन तीसरी लोकसभा के लिए 1962 में हुए चुनाव में प्रदेश में सीटों की संख्या चार हो गई और सभी सिंगल मैंबर सीट थीं। यानी सांसद भी चार ही चुने गए। सिरमौर संसदीय सीट को रिजर्व घोषित किया गया। प्रदेश में 7,11,596 मतदाताओं में से 2,52,965 ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यानी 35.55 फीसदी मतदान हुआ। खास बात यह रही कि इसमें भी 3.98 फीसदी मत किसी न किसी कारण से रद्द घोषित कर दिए गए थे। तीसरी लोकसभा के लिए चंबा से चतर सिंह, मंडी से ललित सेन, महासू से वीरभद्र सिंह और सिरमौर से प्रताप सिंह चुने गए। इस चुनाव में हिमाचल में कांग्रेस को 68.65% मत मिले थे। महासू सीट पर वीरभद्र सिंह ने 76.86 फीसदी मत हासिल किए थे।
Spread the News