शिमला में केंद्र के खिलाफ महिला कांग्रेस का धरना, राहुल गांधी मामले में रिज मैदान पर काली पट्टी बांधकर जताया रोष

राहुल गांधी को सजा मिलने और संसद सदस्यता खत्म होने पर प्रदेश में विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। कांग्रेस इस मामले में केंद्र सरकार पर जमकर जुबानी हमला कर रही है। शिमला के रिज मैदान पर प्रदेश महिला कांग्रेस काली पट्टी बांधकर धरने पर बैठी। रिज पर धारा 144 लगी है, जिस वजह से शांतिपूर्ण तरीके से यह प्रदर्शन किया गया।

बीते कल भी कांग्रेस पार्टी ने पूरे प्रदेश में केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर हल्ला बोला। महिला कांग्रेस ने काली पट्टी बांधकर आज महात्मा गांधी के स्टेच्यू के नीचे धरना दिया।

महिला कांग्रेस बोली- सच बोलना गुनाह है

प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष जैनब चंदेल का कहना है कि केंद्र सरकार पूरी तरह से तानाशाह बन गई है। भारत एक लोकतांत्रिक देश है, जहां सभी को अपनी बात रखने का हक है। उन्होंने कहा कि आज महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे बैठने का भी यही कारण है, क्योंकि महात्मा गांधी कहा करते थे अहिंसा परमो धर्म। लेकिन केंद्र सरकार ने इस कथन को पूरी तरह से भुला दिया है।

नहीं थमेगा विरोध प्रदर्शन

जैनब चंदेल ने कहा कि सत्ता तो आती जाती रहती है, लेकिन लोकतंत्र को जीवित रखना हर एक नागरिक की जिम्मेदारी है। कांग्रेस पार्टी इसका लगातार विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार यह भूल गई है कि वह हमेशा के लिए सत्ता में नहीं रहेगी। देश के जो महान पुरुष थे, उन्होंने बहुत सूझबूझ के साथ संविधान बनाया था। इसकी गरिमा बनाए रखना हर पार्टी का कर्तव्य है।

Spread the News